बुधवार, 2 मार्च 2011

नौकरी चाहिये तो जेल जाने की योग्‍यता हासिल करो।

एक यूरोपियन विद्धान ने कहा है कि किसी भी सरकार के सहिष्‍णु व सभ्‍य होने का मापक यह है कि वह अपने जेल के कैदियों से कैसा व्‍यवहार करती है।काफी लोग ऐसे होते हैं,जो गैर इरादतन या परिस्थितीवश अपराध कर बैठते हैं,उन्‍हें श्रम करके,मेहनत करके पूंजी इकटठा करने का अवसर जरूर मिलना चाहिये।वाजिब तो यह होता है कि श्रम के अवसर कैदियों को ही क्‍यों,सबको प्राप्‍त होने चाहिये।आजकल हमारे देश में ऐसे जोर शोर से कुछ बातों को लागू करने का निर्णय ले लिया जाता है,जिनसे पहल करने वालों के कल्‍याणकारी ढोंग का डंका ज्‍यादा बजे।इस मामले में बटर-ब्रेड-बीयर संस्‍क्रति के वाहकों की नीयत खोटी ज्‍यादा दिखती है।कभी कभी इनकी मंशा साफ जब दिखती है,जब ये बैंक में आने वाले लोंगो में भोगोलिक व भाषाई भेदभाव करते हैं या दिल्‍ली में अन्‍य प्रदेशवासियों को बिहारी या चिकीं कहकर मानवीयताओ की हदें पार करते हुये देखा जाता हैं।आपको अंग्रेजी न बोलने को लेकर अक्‍सर शर्मिन्‍दा होते रहना पडता होगा,या आप इस भाषा के जानकार हैं तो दूसरों को नीचा दिखाने में गर्व होता होगा। हम सब तथाकथित योग्‍य बनकर या अच्‍छी नौकरी पाकर यह स्‍थापित कर चुके हैं कि अंग्रेजी की योग्‍यता हासिल किये बिना अब नौकरी प्राप्‍त करना सरल नहीं है।तो अब यह भी मान लेना व समझ लेना जरूरी है कि आपको साधारण आदमी बनकर नौकरी मिले या न मिले लेकिन अगर आप जेल जाने की अहमियत रखते हैं तो हो सकता है कि आपको रोजगार भी मिल जाये।
खैर अब सही मुददे पर आना चाहिये।आज जब समाचार पत्र में यह पढा कि कुछ कंपनियॉं तिहाड जेल में जाकर कैदियों को नौकरी देंगी,यकीन मानिये बेरोजगारों को असहज होना स्‍वाभाविक है।आज पता नहीं कितने बेरोजगार हैं,जो अंडर इम्‍पलायमेंट की दशा में भी काम करने को तैयार हैं,चाहे इसके लिये उन्‍हें अपनी जमीन बेचनी पड जाये।सरकारें कितनी भी रोजगार नीति की बातें करें लोंगों को नौकरी नहीं मिल रही।उत्‍तर-प्रदेश में एम,ए,/बी,ए,पास लोग सफाई कर्मचारी बनने के लिये बेताब हैं।इन्‍हें कोई कंपनी नौकरी देने के लिये आगे नहीं आती।सभी बडी कंपनियों ने अपने यहॉं ठेकेदारी पर श्रमिकों की भर्ती की हुयी है।ये ठेकेदार, कंपनी से ज्‍यादा रकम लेते हैं,बदले में श्रमिक को कम पगार देते हैं।मैं यकीन के साथ कह सकता हूं,कि कंपनियों को कैदियों को नौकरी देने मैं दिलचस्‍पी कतई नहीं है।वे आम शिक्षित हिन्‍दी भाषी या कम अंग्रेजी जानकार युवा को नोकरी नहीं दे सकते,वे जेल में कहॉं से योग्‍य कर्मियों की भर्ती कर लेंगें।आखिर जेल मैं भी सामान्‍य या कम शिक्षित आदमी ही मिलेगा।वास्‍तव मैं ये ढोंग है,जिसे कुछ चापलूस व मठाधीशी करने वाले मीडियाकर्मियों ने प्रचारित करके कंपनियों का साथ दिया है।वास्‍तव मैं ऐसा प्रतीत होता है जैसे जेल में कैंपस प्‍लेसमैंट कराना कुछ खास व उंची पहुंच रखने वाले रसूखदार अपराधियों को या जेल में बंद रइसजादो, दुष्‍कर्मियों को जेल से रिहा करने का आसान तरीका इजाद किया गया है।हम सब वाकिफ हैं कि इधर देश में न्‍यायालयों ने काफी सफेदपोशों को जेल भेजा है। एक अनुमान के मुताबिक विगत बर्ष केवल दिल्‍ली मैं चार हजार से ज्‍यादा अच्‍छे घरों के रइसजादों को जेल भेजा गया है।तो कहीं जेल से इन्‍हीं लोंगों को छुडाने का यह बहाना तो नहीं है।या फिर इमेज चमकाने या कोई पुरस्‍कार झटकने का प्रोपेगंडा।
हमारी बौरी सी दिखने वाली मीडिया,या किसी बडी कंपनी के मालिक का दिल जब नहीं पसीजा,जब बरेली मैं पांच-सात हजार रूपये की नौकरी को पाने की चाहत में युवाओं के खून से ट्रेनो की छत लाल हो गयी थी।यह इस देश के बेरोजगारों का दुर्भाग्‍य है कि उसे केवल एक दुघर्टना मानकर टाल दिया गया।और मीडिया को बौरी कहने का आशय यह है कि
क्‍योंकि यदि मीडिया महारथी चाहते तो यह महज एक दुर्घटना नहीं रहती,बल्कि एक आंदोलन का मुददा बन सकती थी।सरकारों को मजबूर कर सकती थी कि बताओ इस बेतहासा बेरोजगारी का इलाज क्‍या है।इसके बदले में मीडिया यह सर्वे कर रही है कि जेल मैं कैंपस रिक्रूटमैंट ठीक है या नहीं।मेरी नजर मैं ये सब साजिश मैं शामिल हैं,जो रेपिष्‍ट,अपराधी नेताओं,अपने सगे संबधियों को छुडाने का एक तरीका है।बहुत बढिया है कि जेल के कैदियों को स्‍वावलंबी बनाकर हम सभ्‍य बनें लेकिन पहले सभ्‍य व शिक्षित को सम्‍मान के साथ जीने का मौका दें।

रविवार, 6 फ़रवरी 2011

उत्‍तर-प्रदेश की मुख्‍यमंत्री का क्‍लासिकल दौरा ।

हमारे भारत में राजे-महाराजे अपने क्‍लासिकल अंदाज के लिये प्रसिद्ध रहे हैं।नबाब वाजिद अली साहब के बारे में एक कहावत बडी चर्चित है कि वे अग्रेजों के हमले के समय इस कारण नहीं भाग सके क्‍योंकि उनको पैरों में जूते पहनाने के लिये कोई नौकर नहीं था।इसी कारण अंग्रेजों ने उन्‍हें बंदी बना लिया।उत्‍तर प्रदेश की मुख्‍यमंत्री ने भी विकास की दशा देखने के लिये जो अंदाज अपनाया है,वह भी कुछ-कुछ क्‍लासिकल ही ज्‍यादा है।विकास कितना हो रहा है,इसका जबाब उनके इर्द-गिर्द वर्दी वाले व टाई-सूट वाले उनके मातहतों के पास है,न कि आम जनता के पास। उत्‍तर-प्रदेश की मुख्‍यमंत्री मायावती इन दिनों जिलों के दौरे कर रही हैं।निश्चित रूप से कागजों तक विकास सीमित न रहे,इस लिये ऐसे दौरे महत्‍वपूर्ण हैं।बजट सत्र के शुरू होने के पहले जिलों के औचक निरीक्षण का खास मायने भी है।जनता का विश्‍वास कायम रखने व आने वाले चुनाव में अपनी जबाबदेही सुनिश्चित करने के लिये मुख्‍यमंत्री के तेवर जो होने चाहिये थे,वो नहीं दिखायी दे रहें हैं।विकास के प्रति अंसतोष रखने वाला आम आदमी मायावती के उसी तेज तरार्र स्‍टाइल की अपेक्षा कर रहा था,जो उन्‍होंने विगत समय में स्‍वंय स्‍थापित किया था।
मेरी नजर में उत्‍तर-प्रदेश की मुख्‍यमंत्री का इस बार का प्रदेशव्‍यापी दौरा क्‍लासीकल ज्‍यादा दिखायी दे रहा है।जिलों के अधिकारियों द्धारा दी जाने वाली सूचना की जॉंच करनी है,तो सही तरीका तो यह होता कि आम आदमी से बात की जाती,लेकिन हो रहा है ठीक इसके उल्‍टा।मुख्‍यमंत्री का उडनखटोला जैसे ही उतरता है,जल्‍दी से उतरने के लिये पायदान लाना,गार्ड आफ ऑनर देना व आम जनता को धक्‍के मारकर एक तरफ कर देना राजसी अंदाज का क्‍लासिकल तरीका है,जो इग्‍लैंड की महारानी के स्‍वागत की तरह है या नबाबी अदब की तरह है।सुरक्षा के तीन चक्र इतने सख्‍त हैं कि कोई परिंदा भी पर न मार सके।कंमाडो की सुरक्षा में कई जगह तो डी,एम, व अन्‍य बडे अधिकारियों को भी अपमानित होना पडा।नबंर वन की होड में श‍मिल कुछ पेपर व इलेक्‍ट्रानिक खबरों के कुछ पत्रकारों को ही मिलने के पास दिये जाते हैं ताकि ज्‍यादा सवाल जबाब से बहन जी का माथा न ठनक जाय नहीं तो जिला सूचना अधिकारी व प्रशासन की खैर नहीं।
इसे क्‍लासिकल कहना इसलिये भी जायज लगता है कि उनके दौरे केवल अंबेडकर गॉव में ही हो रहे हैं।हर जिले में अंबेडकर गॉव लगभग तीस या पैंतीस हैं,जो सन् 1995-1996 में भी विकास के लिये चुने गये थे।अंबेडकर गॉंव से बाहर के गॉंवों का हश्र देखकर आप कह सकते हैं कि ये गॉंव इस प्रदेश के हिस्‍से नहीं हैं क्‍या।सडक व सम्‍पर्क मार्गो का हाल इतना बुरा कि आप पैदल भी न निकल पायें।जैसे-जैसे जिले के दौरे की तारीख पास आती है,पूरे जिले का विकास एक गॉंव तक सीमित हो जाता है,जहॉं मुख्‍यमंत्री को जाना रहता है।सामान्‍यतया एक दो दिन पहले उस गॉंव का नाम बता दिया जाता है,जहॉं मुख्‍यमंत्री के चरण रज पडनी रहती है।फिर पूरी सरकारी फौज गॉंव को चमकाने में लग जाती हैं।क्‍या पहले से तयशुदा किसी गॉंव में जाकर विकास कामों का हाल जानना शास्‍त्रीय या क्‍लासिकल कदम नहीं है।हाल जानना है तो अचानक किसी गॉव में पहुंचिये,वो चाहे अंबेडकर गॉव हो सामान्‍य गॉव।कुछ समय गॉव वालों के साथ बिताकर उनका दुख दर्द जानने की कोशिश करना तो लोकतात्रिक सरकार की मुखिया को शोभा देता व लोंगों को भी लगता कि उनका अपना मुख्‍यमंत्री उनका हाल जानने उनके बीच आया।लेकिन अब तरह तरह के माफियागिरी से त्रस्‍त उत्‍तर प्रदेश इस लायक नहीं रह गया है कि कोई मुख्‍यमंत्री बेखौफ होकर जनता के दुखदर्द सुन पायेगा।मायावती तो आम जनता के बीच अपने शास्‍त्रीय रूतबे को लेकर जा भी रहीं हैं,मुलायम सिंह,राजनाथ सिंह आदि कोई अन्‍य नेता तो इतनी भी हिम्‍मत नहीं कर पाते।अन्‍य दलों के मुख्‍यमंत्री तो फील्‍ड में जाकर एक कदम आगे यूनानी क्‍लासिकल तरीके अपनाते हैं।फूल मालायें पहनना,दरबारियों के कार्यक्रमों में सिरकत करना,डिनर पार्टी में शामिल होना उनका खास अंदाज रहा है।नौकरशाहों से पंगा लेने की हिम्‍मत अन्‍य दल के नेताओं में कभी नहीं रही।यह हिम्‍मत दिखाने की कोशिश मायावती ने ही थी।।मायावती के इस बार के बुझे हुये तेवर इस बात के स्‍पष्‍ट संकेत हैं कि चुनाव के लिये अधिकारियों को भी विश्‍वास में रखना जरूरी है।विकास हो या न हो अपने लोगों को रूष्‍ट करना समझदारी नहीं है।विरोधियों के हमले के समय छतरी व पायदान लेने वाले तो साथ बने रहें।

मंगलवार, 11 जनवरी 2011

पत्रकार जात एक गेंदा फूल

जब किसी पत्रकार को पीडित या दमित होते देखता हूं,तो अनायास ही गेंदें के फूल की दशा बरबस याद आ जाती है।यूं तो गेंदें के फूल को एक फिल्‍मी गाने में कुछ तबज्‍जो पहली बार ही मिली है।वास्‍तव में गेंदें की स्थिती भी एक दलित की तरह है,एक दया के पात्र की तरह है।गेंदे की अपेक्षा गुलाब अधिक लोकप्रिय व स्‍नेही है।गेंदा अपने लाख जतन करता रहे,उसे प्‍यार के प्रतीक के रूप में सम्‍मान नहीं मिल सकता।अपनी सुवास से मंगल करते हुये यदि वह खत्‍म हो जाय तो श्रद्धावश लोग उस पर गुलाब ही चढाने लगते हैं।इससे बडी बिडम्‍बना और क्‍या होगी कि कवि जो स्‍वंय इसी संवर्ग से ताल्‍लुक रखते है,वे भी अपना काव्‍य विषय गुलाब ही चुनते हैं।
खैर सीधे-सीधे विषय पर आना चाहिये।पिछले दिनों बनारस मे एक पत्रकार गोष्‍ठी हुयी,जिसका विषय था’,पत्रकार और सच’।जैसा हमेशा होता है,इस गोष्‍ठी में भी हुआ,पत्रकारों से अपेक्षा की गयी कि वे अपने को घटना से अलग रखते हुये समाचार बनायें।मिशनरी दायित्‍वों का निर्वहन करें।मिशनरी पत्रकारिता का नाम आते ही बडा तेज गुस्‍सा आता है कि जैसे पत्रकार को बिना किसी अधिकार के जिम्‍मेदारी उठाने की कसम खिलायी जा रही हो।क्‍या अपने समस्‍त अधिकारों को ताक पर रखकर मिशन को पूरा किया जाय।पत्रकारिता के उच्‍च स्‍तर पर समाचार की कीमत किस रूप में वसूल ली गयी,इस बात का पता भी नहीं चल सकता।लेकिन निचले स्‍तर पर बहुत छोटी तनख्‍वाह हासिल करने वाले पत्रकार से मिशन के लिये काम करने की उम्‍मीद,उसके साथ अन्‍याय है,नाइंसाफी है।सीमित संसाधनों में बिना किसी संरक्षण के काम करना काफी रिस्‍की समझा जाने लगा है।सिस्‍टम के विरूद्ध लिखना उसकी हिम्‍मत नहीं है,और यदि तैश में आकर सिस्‍टम के खिलाफ लिख भी दिया तो वह छपेगा नहीं।कहीं मिशन का मतलब सिस्‍टम के साथ चलना तो नहीं है।मुझे कई ऐसे उदाहरण याद हैं जब सही काम के लिये पत्रकार ने हिम्‍मत से काम लिया,लेकिन उल्‍टे उसे अपने अखबार से डॉट खानी पडी और उसे अपने आकाओं से बिल्‍कुल सहयोग नहीं मिला।बदॉयूं जिले में कुछ इलेक्‍ट्रानिक टी0 वी0 के पत्रकारों ने पहली बार हिम्‍मत दिखायी कि किस प्रकार तहसील में बिना पैसा लिये कोई काम नहीं करता।रिजल्‍ट ये हुआ कि तहसील कर्मियों ने पत्रकारों की पिटायी की एवं एक पत्रकार के गले से सोने की चैन तोड ली।मामला सीधे-सीधे लूट का बनता था,लेकिन प्रशासन के खिलाफ कुछ भी नहीं हुआ।प्रशासन के खिलाफ सीधे-सीधे कभी नहीं लिखा जाता,उन लोगों को इतनी समझ नहीं थी।पिटे पत्रकारों को बहुत शर्म झेलनी पडी।अब कभी भी इनके द्धारा पत्रकारिता को मिशन नहीं मानने की कसम खा ली गयी है।दूसरा उदाहरण अभी ब्‍लाक प्रमुख चुनाव के दौरान शाहजहॉपुर में एक पत्रकार की पिटायी एक मंत्री व उनके चेलों द्धारा कर दी गयी।इस केस के बारे में कुछ नहीं हुआ।इसी तरह मुरादाबाद में एक प्रतिष्ठित पेपर के संवाददाता व स्‍थानीय संपादक के विरूद्ध पुलिस ने एफ0आई0आर0 दर्ज कर ली।इन पर आरोप है कि इन्‍होंने समाचार को सनसनीखेज बनाया।वास्‍तव में पत्रकारो ने तथ्‍यो के आधार पर समाचार बनाया था।लेकिन पुलिस के सामने उनकी नहीं चली,पुलिस ने कहा कि कानून के दायरे में सब है,कोई उससे उपर नहीं हैं।यह मामला पुलिस अस्‍पताल का था,एवं इतना संगीन था कि दो कर्मचारीयों को तत्‍काल जेल भेज दिया गया था,व जॉंच बिठा दी गयी।इस खबर ने लोंगों के होश खराब कर दिये,लोगों की संवेदना को झकझोर कर रख दिया।बिना पोस्‍टमार्टम किये लाशों की रिपोर्ट तैयार करना अत्‍यंत गंभीर है।साथ ही एक बोरे में नर कंकालो को भरकर रखा गया था,जो सीलबंद नहीं थे और न हीं सीलबंद कमरे में थे।।अस्‍पताल प्रशासन की खुन्‍नस के चलते व पुलिस की मिली भगत से रिपोर्ट लिखी गयी।वो तो भला है कि संवाददाता के साथ-साथ स्‍थानीय संपादक भी इसमें शामिल हैं,अन्‍यथा अब तक पत्रकार को तो नौकरी से निकाल दिया गया होता।इस तरह के पता नहीं कितने ऐसे मामले होगें जहॉं पत्रकारों के साथ अपमानजनक सलूक होता है।
वास्‍तव में हम जब चितंन के मूड में होते हैं तो हमारा दिमाग आदर्श रूप की कल्‍पना करता है,लेकिन जमीनी सच्‍चाई इसके ठीक विपरीत होती है।हम आप सब जानते हैं कि मैक्‍स बेबर ने ब्‍यूरोक्रेसी का वो आदर्श माडल बनाया है,जो यदि सिद्धांतगत हूबहू काम करे तो पूरे विश्‍व में किसी को कोई तकलीफ न हो।लेकिन होता क्‍या है,ब्‍यूरोक्रेसी,लालफीताशाही के धागे में बंधकर जनता को बंधक बना लेती है।नौकरशाही में अधिकारी अपनी सीट को बपौती समझ लेते हैं,सीट के अधिकारों को अपने अधिकार समझ लेते हैं।खुद को राजा समझने लगते हैं।अब ऐसी व्‍यवस्‍था जो स्‍वंय को श्रेष्‍ठ मानती हो,के सामने खडे होकर एक पत्रकार सच लिखने या बोलने की हिम्‍मत करेगा,तो उसे बडे कलेजे के साथ-साथ कवर की भी जरूरत पडेगी ही।वो मीडियाकर्मियों के लिये कभी उपलब्‍ध नहीं होता।बनारसी गोष्‍ठी में कहा गया कि समाचार घटना का एक रूप होता है,वह पूरा सच नहीं होता।हमें घटना का हिस्‍सा नहीं बनना चाहिये,और न हीं हमें यह भ्रम पालना चाहिये कि हम पूरी मीडिया हैं।व्‍यवहार में काम करते-करते घटना का हिस्‍सा बन जाना एक स्‍वाभाविक बात है।ये तो बिल्‍कुल वही बात हुयी कि मोहब्‍बत की जाय,लेकिन दिल को अलग रखकर।जब दिल से बात निकलेगी तो कुछ लोगों को बुरी लगेगी ही। यही रिस्‍क फैक्‍टर है,जिसे न्‍यूट्रल करने के लिये एक पत्रकार को कवर फायर की जरूरत पडती है।अच्‍छा है,सुन्‍दर है,तो गेंदें को भी प्‍यार में गिफट देना शुरू करो।
इस मामले में एक बात कहना भी जरूरी है कि इस धंधें में कुछ गंदे लोग भी हैं,जो इसे हद दर्जे तक बदनाम करने में लगे हैं।जिनका अपना कोई जमीर नहीं वे जज्‍बातों का क्‍या खाक ख्‍याल रखेंगें।इस मामले में हमें पूरी पत्रकार जात पर तोहमत नहीं लगा सकते।

शनिवार, 25 दिसंबर 2010

टाइगर के सिगनेचर-जिम कार्बेट पार्क

1973 में जब से प्रोजेक्‍ट टाइगर अभियान चलाया गया है,तब से ही टाइगर को हमारी देखने की लिप्‍सा अचानक बढ गयी है। जब हम भी परिजनों के साथ टाइगर रिजर्ब जिम कार्बैट देखने के लिये पंहुचे तो निश्चित था कि टाइगर हमारे स्‍वागत के लिये तो रहता नहीं,लेकिन हर साल जिम कार्बेट पहुंचने वाले सैलानियों की तादाद लगभग 70,000 बतायी गयी1अब हम अनुमान लगा सकते थे कि टाइगर ही क्‍या पार्क के अन्‍य जानवरों के लिये भी ये मानव का उनके घर में अतिक्रमण है।सुबह के साढे छ; बजे हॉड कपां देने वाली सर्दी में हम पांच लोग चार छोटे बच्‍चों के साथ झिरना गेट से अन्‍दर दाखिल हुये थे,हम लोग खुली जीप यानि सफारी में सवार थे।बच्‍चों को अपना फायदा देखते हुये और पार्क के कानूनों को देखते हुये मैने डन्‍हें कुछ भी खाने की चीज देने से मना कर दिया।जाडे में यहॉं का तापमान दस डिग्री से कम ही रहता है।बच्‍चों की नन्‍हीं उंगलियॉं सर्दी से एकदम बर्फ की माफिक ठण्‍डी थीं।सुबह के साढे सात तक सूरज की की किरणें पेंडों की पत्तियों से छनकर कहीं-कहीं ठण्‍ड को कुछ कम करने की कोशिश में थीं।इसी गुनगुनी धूप मे कुछ हिरन हमें शरमाते हुये भागते दिखे। हमें गाइड ने बताया कि पार्क का क्षेत्रफल लगभग 1318 वर्ग किमी0 है,यह दिल्‍ली से 273 किमी0 काशीपुर रामनगर रोड पर मात्र 18 किमी0 है। हमें बताया गया कि पार्क का केवल 520 वर्ग किमी0 एरिया में टाइगर रिजर्व प्राजेक्‍ट के लिये सुरक्षित है।यहॉं कोई भी गतिविधि कानून के खिलाफ है।इस एरिया के अन्‍दर बच्‍चों ने जब बेरी से बेर तोडने के लिये सफारी ड्राइबर से कहा तो हर एक भारतीय के मुताबिक,जो किसी आग्रह को कुछ हद तक जरूर पूरा करने की कोशिश करता है, उसने कहा कि यह जंगल के कानून के खिलाफ है लेकिन उसने फिर भी बच्‍चों को पके बेर तोड के दिये।दिखने में ये बेर बिल्‍कुल छोटे पके सेब की तरह थे,लेकिन खाने में एकदम खटटे।हमारे सामने से आती हुयी सफारी में अधिकांश जवान लडकिंयां खडे होकर पार्क का जायजा ले रहीं थीं,या अपने मंहगें का कपडों का फैशन कर रहीं थीं,समझ से बाहर था।

हमें एक बारह सिंगा,कुछ हिरन व सिर्फ एक मोर के दर्शन हो सके थे।बच्‍चों की नारजगी इस बात को लेकर थी,उन्‍हें एक हाथी भी नहीं दिखा।लेकिन मेरे लिये एक बात महत्‍वपूर्ण थी कि मुझे गाइड ने रेत में टाइगर के,हाथी के व भालू के पैरों के निशान दिखाये।मेरी नजर में ये इन जानवरों के सिगनेचर थे,बच्‍चों के लिये आटोग्राफ।गाइड ने बताया कि इस रिजर्व में लगभग 160 टाइगर हैं‍,जिनकी गिनती जगह जगह लगे कैमरों से की जाती है।

टाइगर के बारे में कहा जाता है कि ये जानवर अपनी गंघ,पेशाब,व मल आदि से अपने साथियों को अपनी सूचना देते हैं।आदमी इनसे आगाह हो सकता है। यहॉ टाइगर आदमियों पर हमला नहीं करता। कर्नल जिम कार्बेट के नाम पर यह पार्क हमें जंगली जानवरों के रहन सहन के बारे में काफी कुछ बता पाता है।यहॉं गुजरने वाली रामगंगा नदी जानवरों की प्‍यास बुझाती है,कोशी नदी रिजर्व पार्क की सीमाओं को तर रखती है,जो आपात स्थिती में जानवरों को महफूज रखती है।

मंगलवार, 21 दिसंबर 2010

बेचारी राडिया से रार क्‍यों ।

पूरा पत्रकार जगत,कारपारेट जगत,पूरा राजनैतिक क्षितिज राडिया की दलाली में खुलासे से लाल-पीला हो रहा है।ऐसा लग रहा है,जैसे राडिया ने कोई नया कार्य किया हो।कभी भी राडिया के द्धारा किये कार्यों को जायज नहीं माना जा सकता,लेकिन इस इस प्रकार के दलाली के कार्य हमेशा किसी न किसी के द्धारा होते रहें हैं।स्‍वंय इस प्रकार के खुलासे इस समय हुये हैं कि प्रभु चावला ने मुकेश अंबानी के लिये दलाली की।यानि कि क्‍या ये दलाली या ‘लाबिंग’केवल पत्रकारों या नेताओं द्धारा की जाती तो क्‍या इन खुलासों पर इतना हंगामा होता।प्रभु चावला लम्‍बे समय से ऐसा करते रहे होंगें।कारपारेट जगत को नाजायज फायदा पहुंचाने के लिये जो लाबिंग की जाती है,आखिर उसकी फिलासफी क्‍या है।
हमारा पूरा सरकारी तंत्र वास्‍तव में एक क्‍लोज सिस्‍टम की तरह है,जहॉं सात तालों में रहकर डिसीजन लिये जातें हैं।गोपनीयता के नाम पर जी भरकर अपनों के हित साधे व संभाले जाते हैं।सिद्धांतगत डिसीजन मैकिंग निश्चित तथ्‍यों पर आधरित प्रक्रिया होती है।इसमें मॉरल वैल्‍यू का सम्मिश्रण इस लैविल पर किया जाता है कि डिसीजन अधिक से अधिक लोंगों को लाभप्रद हो सके।इसमें अपनी मर्जी की गुजांइस नहीं होती है।यदि इस प्रकार डिसीजन लिये जाते-तो कभी भी गोपनीयता की इस हद तक जरूरत न पडती कि डिसीजन को प्रभावित करने के लिये ‘लाबिंग’ जैसी दलाली प्रक्रिया की आवश्‍यकता पडती।अब जबकि निर्णय पूरी तरह मनमाने तरीके से लिये जांयेगें तो वे निश्चित रूप से किसी को बेजां फायदा पहुंचायेंगें ही।हमारा तंत्र तथ्‍यों को छिपाने की वकालत करता है,और मॉरल वैल्‍यू पर बात करना हमने बहुत पीछे छोड दिया है।ऐसी दशा सोच सकते हैं कि राडिया या बरखा दत्‍त की जरूरत तो पडेगी ही।तो राडिया से रार क्‍यों।
राडिया तो बधाई की पात्र इसलिये हैं कि उन्‍होंने स्‍त्री-जात के दुर्गुणों का प्रयोग नहीं किया।अपनी तीन सौ करोड की धन-दौलत इकटठी करने के लिये शायद शरीर की नैतिकता तो बरकरार रखी होगी ही।हालांकि आजकल इसके कोई मायने नहीं है।लेकिन आगे बढने के लिये शरीर का उपयोग तो खतरनाक है ही।
दूसरी बात जो राडिया कारनामें के दर्शन में है वो अनसुनी नहीं है।वामपंथी इसे अपना राग बताते हैं,जबकि वे इससे अपना सरोकार केवल सत्‍ता की भागीदारी के लिये ही करते हैं।पूंजी के उदारीकरण का प्रवाह केवल कुछ हाथों के कब्‍जे में ही क्‍यों रहे,पूंजी लैंगिक विभेद की सीमाओं के पार है।पूरा देश जब सर्विस सेक्‍टर की ग्रौथ पर फूला नहीं समा रहा हो तो दलाली से पर्दा कैसे कर सकते है,आखिर सर्विस सेक्‍टर को दलाली से ज्‍यादा क्‍या कहेंगें।किसी उधोगपति का समय किसी मंत्रालय के वैटिंग रूम में बिताना ज्‍यादा शर्मनाक है,अपेक्षाक्रत किसी दलाल को पैसे देकर फाइल पास कर ली जाय।और ये काम हमेशा से होता आया है।मंत्री जी का पी0ए0 या अधिकारी का स्‍टेनो इस काम को आसानी से कर सकते हैं,और हमेशा से करते रहें हैं। ये अलग बात है कि अब ये काम इस्‍टीटयूट के रूप में संचालित होने लगें हैं।इसे अब हम लाबिंग का नाम से बुला रहें हैं।इस प्रकार कभी पूंजी लाबिंग के सहारे मंत्रिपद का निर्धारण करेगी तो कभी कारपोरेट जगत को सब्‍सिडी दिलवायेगी।और इसकी एक हकीकत यह भी है कि उच्‍च शिखर पर ट्राजेक्‍शन किसी तथाकथित उंचे आदमी से ही सम्‍पन्‍न किये जायेंगे।कोई आम आदमी न तो ऐसे ट्राजेक्‍शन का माध्‍यम बनेगा और न हीं उससे लाभान्वित होगा।हम और आप कभी इलाज नहीं ढूंढते,बल्कि बंदर की तरह उछल कूद मचाकर शांत हो जाते हैं,ताकि भविष्‍य के लिये हम अपनी पेरोकारी दिखा सकें।नहीं तो इतिहास हमें भी दोषी करार देगा।इसलिये हम शराफत का ढोंग करते हैं।संसद में सवाल पूंछने के लिये रिश्‍वत का मामला हो या सांसदों की खरीद के लिये नोट उछालने का मामला,इस सबसे भी शर्मनाक कुछ और हो सकता है।सही बात यह है कि हमारी व्‍यवस्‍था में जो नासूर बन गया है,उससे समय-समय पर ये मवाद रूपी घोटाले रिस-रिस कर दिखाई देते हैं।हम इस नासूर की संडाध को अपनी नाक पर रूमाल रखकर साफ बने रहने की कोशिश करते हैं।
जिस देश का शासक शासितों से दूरी मैंटेन करना अपना बडप्‍पन समझता हो,अपना धर्म समझता हो,वहॉ बहुत आसानी से समझा जा सकता है कि इस देश का लोकतंत्र सिर्फ ढोंग है।क्‍या कभी कोई आम आदमी आसानी से देश के मंत्री या शासन में बैठे अधिकारी से मिलकर अपना दुख-दर्द बता सकता है।शायद नहीं,इसके लिये उसे छुटभैया नेता या दलाल का सहयोग लेना ही पडेगा।इसके ऐवज में खर्चा-पानी रिश्‍वत नहीं है,यह आधुनिक शब्‍दों में सर्विस है।तो भैया मेरे राडिया बहना से रार क्‍यों ठान रखी है,क्‍यों हर एक उसके पीछे पड गया है।यहॉ राडिया नहीं तो कोई बरखा होगी,या प्रभु चावला के रूप में देशी,लेकिन अग्रेंजियत धंधें को अपनाने वाला पत्रकार।जरूरत इस बात की है कि हम दिलो दिमाग से खुले होने की समतावादी सोच में जीने की आदत डालें,तभी हम सबके लिये अच्‍छा होगा।

बुधवार, 24 नवंबर 2010

पंचायत चुनाव या लोकतांत्रिक घोटाला

उत्‍तर प्रदेश के संदर्भ में पंचायती राज की जो धज्जियॉं उडायी जा रही हैं,वे शायद ही कहीं हो रहा हो।पंचायती राज का सपना यहॉं कभी साकार नहीं हो सकता।त्रिस्‍तरीय पंचायतों का क्‍या हाल हो रहा है,क्‍या हम सब नहीं जानते़।ऐसा सच है कि यदि इन्‍हीं स्‍तम्‍भों पर भारतीय लोकतंत्र के राष्‍ट्रीय स्‍वरूप का किला तैयार होगा तो वह कभी भी भरभरा कर गिर जायेगा।और हम सब बैठकर मातमपुर्सी करेंगें।क्‍यों, मेरे इन बयानों को निगेटिव एप्रोच कहकर खारिज किया जा सकता है।जरा नजर डालिये,हाल ही में सम्‍पन्‍न हुये गॉंवों में चुनावों पर।ग्राम पंचायत सदस्‍यों के चुनाव में गॉंव के लोगों ने कोई खास भागीदारी नहीं की।इसलिये अधिकांश जिलों में दो तिहाई पंचायतें गठित नहीं हो पायीं।इतनी अधिक तादाद में ग्राम पंचायत सदस्‍यों की सीटों का खाली रहने का मतलब साफ है कि पंचायती राज में इनकी कोई भूमिका नहीं रह गयी है।जिन गॉव में जितने सदस्‍य चुने गये हैं,उनका आवेदन निर्वाचित होने वाले प्रधानों ने किया था,उनका आवेदन का खर्च इन्‍होने ही वहन किया।यही कारण है कि सरकार को ग्राम सदस्‍यों के निर्वाचन के लिये नये सिरे से प्रयास करना पडा।इतने के बाबजूद फिर भी इनकी सीटें खाली रह गयीं है।यदि उपप्रधान का पद रहता या नरेगा में इनकी कोई भूमिका रहती तो उपरी कमाई की हिस्‍सेदारी के लिये इनका चुनाव भी महतवपूर्ण होता।अब ग्राम प्रधान के चुनाव की तस्‍वीर देखिये।किसी भी प्रधान पद के लिये अधिकतम खर्च की सीमा तीस हजार रूपये थी।लेकिन इसका उल्‍लंघन हर गॉव में हुआ।कहीं कोई मशीनरी ऐसी नहीं थी,जो इस खर्च पर नियंत्रण रखती।मुझे रह-रहकर पूर्व चुनाव आयुक्‍त टी,एन,शेषन याद आ रहे थे।लागों ने प्रतिद्धंद्धियों को चुनावों में बैठाने व हराने के लिये रूपये व बाहुबल का जबरदस्‍त खेल खेला।गॉवों में शराब के नाले बह रहे थे।नकली शराब व नकली मिठाई का मतदाताओं को रिझाने के लिये खुलकर उपयोग हो रहा था।मतदान से एक दिन पहले रूपये से तकरीबन हर गॉव में वोट खरीदे गये।वोटर ने अपने वोट की कीमत चुप रहकर बाजार भाव की तरह वसूली।बडे गॉंवों में एक-एक उम्‍मीदवार ने पॉंच से दस लाख रूपये तक खर्च किये।अपने समर्थकों को ग्राम सदस्‍य बनाने का व्‍यय भी इन्‍हीं के द्धारा किया गया।ऐसा करना भी प्रधानों को फायदे का सौदा ही नजर आया।प्रधान पद के उम्‍मीदवारों का मानना है कि मिड-डे-मील की राशि व नरेगा की कमाई से इस खर्च की भरपायी बहुत जल्‍दी की जा सकती है।अब तो उनहें अतिशीघ्र हर गॉव में एक कम्‍प्‍यूटर व आपरेटर सहित एक कार्यालय भी मिलने की भी आशा है।राशन कोटे की कमाई का अनुमान लगाना आसान है।इसमें हिस्‍सेदारी नीचे से लेकर उपर तक हर स्‍तर तक जाती है।एक महीने का तेल व राशन तो बंटता है,लेकिन अगले महीने का पूरा कोटा ब्‍लैक कर खुले बाजार में बेच दिया जाता है।अब क्षेत्र पंचायत सदस्‍य या बी,डी,सी, के चुनावी समर का हाल जानिये।वैसे यह पद कोई खास महत्‍व नहीं रखता,लेकिन ब्‍लाक प्रमुख के निर्वाचन में यह अहमियत रखता है। ब्‍लाक प्रमुख पद जीतने वाले उम्‍मीदवारों ने कई-कई जगह से नामांकन दर्ज किये,ताकि अपने पक्ष में अन्‍य प्रतिद्धंद्धियों को बैठने के लिये रेट का मौल-तौल किया जा सके।साधारण तौर पर एक बी,डी,सी,मेम्‍बर की कीमत लगभग एक से डेढ लाख रूपये लग रही है। मेरे अनुभव में कई बार से ब्‍लाक प्रमुख या जिला पंचायत अध्‍यक्ष का पद जीतने के लिये इन सदस्‍यों को खरीदा जाता है,बन्‍धक बनाया जाता है।उन्‍हें अपने पक्ष में वोट देने के लिये बढिया होटलों में बन्‍धक बनाया जाता है,वहॉ उन्‍हें हर तरह से ऐश करने के साधन दिये जाते हैं।यह हमेशा से होता आया है।लेकिन किसी की हिम्‍मत नहीं कि इन्‍हें रोक पाये।जिला पंचायत सदस्‍यों की भी अहमियत सिर्फ इतनी ही है कि वे रूपये लेकर अघ्‍यक्ष के निर्वाचन में वोटिंग करें।इस समय एक जिला पंचायत सदस्‍य की कीमत दस से बीस लाख रूपये के बीच चल रही है। पैसे देकर निर्वाचित होते ही जिला पंचायत अधक्ष अपने मेम्‍बरर्स को दूध में से मक्‍खी की तरह निकाल फेंकता है।ब्‍लाक प्रमुख या जिला पंचायत अध्‍यक्ष अपने क्षेत्र में विकास हेतु आने वाले क्रमश: पॉच से दस करोड रूपये में से दस फीसदी हिस्‍सा ईमान का लेते हैं।इन पदों का संवैधानिक रूतबा इन्‍हें सूद के रूप में मिलता है,जो बहुत अधिक है।वास्‍तव मे यू,पी, में चुनाव में सफल होने के ये फंडे हर बार अपनाये जाते हैं। एम,एल,सी, स्‍थानीय निकाय के चुनाव में भी इसी तरह प्रधान व बी,डी,सी, मेम्‍बर की कीमत क्रमश: पचास हजार से एक लाख रूपये तक लगती है।हम अपना मुंह खोलकर,आंखे बंद कर यह सब देखने के लिये मजबूर होते हैं।हम उम्‍मीदकरते हैं कि कोई तो हो जो इस बीमार होते जा रहे लोकतंत्र का इलाज करने के लिये तैयार हो।मीडिया को तो गाली देने का मन करता है,उसका काम चापलूसी करना रह गया है।मीडिया का पूरा जोर इस बात पर रहता है कि कौन पार्टी कितने पद जीतने में सफल रही।चुनाव में जो तरीके इस्‍तेमाल हुये वो कितने जायज थे,इस बात पर कोई मंथन नहीं होता है।न्‍यायपालिका कहती है,कि कोई हमसे शिकायत करे,वो भी ऐवीडेंस के साथ तारीखों पर कोर्ट में ऐडियां रगडे।तब हो सकेगा तो कार्यवाही के नैतिक आदेश देंगें।अब इस पूरे कार्यों को चुनाव कहा जाना सही है,या संवैधानिक घोटाला।यह भारत की रीढ कहे जाने वाले गॉवों में पंचायती राज का असली सच है।सबसे जड में लोकतंत्र का यह हाल है,तो राष्‍ट्रीय राजनीति का क्‍या स्‍वरूप होगा,हम समझ सकते हैं।इसमें विकास की बात तो पीछे छूट जानी अनिवार्य है।

शुक्रवार, 17 सितंबर 2010

बडा जुल्‍मी कानून है,विशेष सशस्‍त्र बल कानून

हम पूरे विश्‍व में लोकतंत्र के सबसे बडे लम्‍बरदार होने का दावा करते हैं।जहॉं कहीं नागरिक अधिकारों की बात आती है,हम अपनी सबसे बडी संवैधानिक पोथी को लेकर सहयोग का विश्‍वास दिलाते हैं।हमारी संस्‍क्रति हमें जियो और जीने दो का पाठ पढाती है।तो क्‍यों आज तक इस जुल्‍मी सशस्‍त्र बल कानून में संशोधन को गठित उच्‍चस्‍तरीय समिति की सिफारिशों को ठंडे बस्‍ते में डाल दिया गया था।जो 2005 में अपनी रिर्पोट दे चुकी है। यह समिति सुप्रीम कोर्ट के सेवानिव्रत न्‍यायाधीश की अध्‍यक्षता में ग‍ठित की गयी थी।
विशेष सशस्‍त्र बल कानून देश के जम्‍मू कश्‍मीर के अलावा पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में लागू है।इस कानून की धारा 4 में यह व्‍यवस्‍था है कि कोई गैरकमीशनड अफसर भी किसी व्‍यक्ति को बिना कारण बताये गिरफतार करने का आदेश दे सकता है,बिना वारंट किसी की तलाशी ले सकता है,एवं गोली चलाने का आदेश दे सकता है।जबकि पूरे देश में संविधान का मौलिक अधिकारों सम्‍बधी अनुच्‍छेद 21 नागरिक को जीवन जीने व दैहिक स्‍वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है। यानि आप कानून की किसी युक्तिसंगत प्रक्रिया व कारण बताये
बिना इन अधिकारों को नहीं छीन सकते।यह अधिकार केवल भारतीयों को ही नहीं है,बल्कि हमारा संविधान गैर भारतीयों को भी यह हक प्रदान करता है। लेकिन कश्‍मीर,मणिपुर राज्‍यों में लोगों को अनुच्‍छेद 21 का का कोई कानूनी हक नहीं है।अब समझना आसान है कि उक्‍त राज्‍यों के नागरिकों की औकात विदेशियों के बराबर भी नहीं है।
अब इस जुल्‍मी कानून की धारा 5 का मसला लीजिये,इसमें यह प्रावधान है कि अशांत क्षेत्र में अरेस्‍ट किसी व्‍यक्ति को किसी पुलिस थाने के किसी भारसाधक अधिकारी के समक्ष यथाशीघ्र पेश करना होता है।अब यथाशीघ्रता को परिभाषित करने का कोई पैमाना नहीं है।जबकि हमारे कानून में यह प्रावधान है कि किसी भी अरेस्‍ट व्‍यक्ति को 24 घंटे के अन्‍दर केवल मजिस्‍ट्रेट के समक्ष पेश किया जायेगा। हम सबको याद करना होगा जब मणिपुर में एक युवा लडकी मनोरमा देवी को इस कानून के तहत अरेस्‍ट कर लिया गया था।अगले दिन इस लडकी की लाश जंगल से प्राप्‍त हुयी थी।पूरे मणिपुर में इसका तीखा विरोध हुआ।महिलाओं ने नग्‍न होकर सडकों पर विरोध किया।विरोधस्‍वरूप एक युवक ने आत्‍मदाह कर लिया।लेकिन हमने अपनी आदत के मुताबिक इसे हल्‍के में लिया,इसकी गंभीरता को समझने की कोशिश नहीं की। मणिपुर मे सन 2000 से इस विशेष सैन्‍य कानून के विरोध में चानू शर्मिला लगातार अनशन पर बैठी हैं।लेकिन उनकी सुध किसी ने नहीं ली।
विशेष सशस्‍त्र कानून की धारा 6 के प्रावधान मे यह उल्‍लेख है कि किसी सैनिक द्धारा अपराध करने पर उसके विरूद्ध कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की जा सकती है। आरोपी सैनिक पर मुकद्धमा चलाने के लिये पहले केन्‍द्र सरकार से अनुमति ली जानी जरूरी है।इस तरह नागरिकों को कोई न्‍या‍यायिक सहायता नहीं मिल पाती।जबिक हमारे मौलिक अधिकारों के खिलाफ किसी भी कदम के विरूद्ध हम सुप्रीम कोर्ट में अनु,32 व उच्‍च न्‍यायालय में अनु,226 के अंर्तगत तत्‍काल हैल्‍प ले सकते हैं। इससे उत्‍पन्‍न आक्रोश का अंदाजा आप इससे लगा सकते हैं कि भ्रष्‍टाचार के मामले में सरकारी अफसरों पर मुकद्धमा चलाने के लिये सरकार की अनुमति ली जाने की कानूनी जरूरत हमारे सबके अंदर बौखलाहट व कुंठा पैदा कर देती है।भ्रष्‍टाचार के विरूद्ध यह कानूनी अडचन हमें कमजोर साबित कर देती है।
सही मायने में इस जुल्‍मी कानून में संशोधन की सिफारिशों को हमें बहुत पहले स्‍वंय मान लेना चाहिये था।आज जब बात काफी बिगड गयी है,घाटी के कई नेता इसकी आड में स्‍थानीय जनता को बरगलाने की साजिश में व्‍यस्‍त हैं।इसी प्रकार की साजिशों व ज्‍यादतियों को लेकर लागों को पत्‍‍थरबाज बनाने की चाल चली गयी है।इस आड में सेना व पुलिस की जायज कार्यवाहियों को भी अत्‍याचार कहा जा रहा है।अब घाटी व पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में लोगों के विश्‍वास को जीतना होगा,उनकी आस्‍था को देश के कानून के साथ जोडना पडेगा अन्‍य‍था विदेशी ताकतें हमें तोडने की साजिशें करती रहेंगीं।और हम उनकी मांगों के सामने मजबूर हो जायेंगें।
** इस ब्‍लाग में तथ्‍यों का उपयोग विधि विशेषज्ञ डा,हरबंस दीक्षित जी की अनुमति से उनके लेख से लिये गये हैं।**