शनिवार, 25 दिसंबर 2010

टाइगर के सिगनेचर-जिम कार्बेट पार्क

1973 में जब से प्रोजेक्‍ट टाइगर अभियान चलाया गया है,तब से ही टाइगर को हमारी देखने की लिप्‍सा अचानक बढ गयी है। जब हम भी परिजनों के साथ टाइगर रिजर्ब जिम कार्बैट देखने के लिये पंहुचे तो निश्चित था कि टाइगर हमारे स्‍वागत के लिये तो रहता नहीं,लेकिन हर साल जिम कार्बेट पहुंचने वाले सैलानियों की तादाद लगभग 70,000 बतायी गयी1अब हम अनुमान लगा सकते थे कि टाइगर ही क्‍या पार्क के अन्‍य जानवरों के लिये भी ये मानव का उनके घर में अतिक्रमण है।सुबह के साढे छ; बजे हॉड कपां देने वाली सर्दी में हम पांच लोग चार छोटे बच्‍चों के साथ झिरना गेट से अन्‍दर दाखिल हुये थे,हम लोग खुली जीप यानि सफारी में सवार थे।बच्‍चों को अपना फायदा देखते हुये और पार्क के कानूनों को देखते हुये मैने डन्‍हें कुछ भी खाने की चीज देने से मना कर दिया।जाडे में यहॉं का तापमान दस डिग्री से कम ही रहता है।बच्‍चों की नन्‍हीं उंगलियॉं सर्दी से एकदम बर्फ की माफिक ठण्‍डी थीं।सुबह के साढे सात तक सूरज की की किरणें पेंडों की पत्तियों से छनकर कहीं-कहीं ठण्‍ड को कुछ कम करने की कोशिश में थीं।इसी गुनगुनी धूप मे कुछ हिरन हमें शरमाते हुये भागते दिखे। हमें गाइड ने बताया कि पार्क का क्षेत्रफल लगभग 1318 वर्ग किमी0 है,यह दिल्‍ली से 273 किमी0 काशीपुर रामनगर रोड पर मात्र 18 किमी0 है। हमें बताया गया कि पार्क का केवल 520 वर्ग किमी0 एरिया में टाइगर रिजर्व प्राजेक्‍ट के लिये सुरक्षित है।यहॉं कोई भी गतिविधि कानून के खिलाफ है।इस एरिया के अन्‍दर बच्‍चों ने जब बेरी से बेर तोडने के लिये सफारी ड्राइबर से कहा तो हर एक भारतीय के मुताबिक,जो किसी आग्रह को कुछ हद तक जरूर पूरा करने की कोशिश करता है, उसने कहा कि यह जंगल के कानून के खिलाफ है लेकिन उसने फिर भी बच्‍चों को पके बेर तोड के दिये।दिखने में ये बेर बिल्‍कुल छोटे पके सेब की तरह थे,लेकिन खाने में एकदम खटटे।हमारे सामने से आती हुयी सफारी में अधिकांश जवान लडकिंयां खडे होकर पार्क का जायजा ले रहीं थीं,या अपने मंहगें का कपडों का फैशन कर रहीं थीं,समझ से बाहर था।

हमें एक बारह सिंगा,कुछ हिरन व सिर्फ एक मोर के दर्शन हो सके थे।बच्‍चों की नारजगी इस बात को लेकर थी,उन्‍हें एक हाथी भी नहीं दिखा।लेकिन मेरे लिये एक बात महत्‍वपूर्ण थी कि मुझे गाइड ने रेत में टाइगर के,हाथी के व भालू के पैरों के निशान दिखाये।मेरी नजर में ये इन जानवरों के सिगनेचर थे,बच्‍चों के लिये आटोग्राफ।गाइड ने बताया कि इस रिजर्व में लगभग 160 टाइगर हैं‍,जिनकी गिनती जगह जगह लगे कैमरों से की जाती है।

टाइगर के बारे में कहा जाता है कि ये जानवर अपनी गंघ,पेशाब,व मल आदि से अपने साथियों को अपनी सूचना देते हैं।आदमी इनसे आगाह हो सकता है। यहॉ टाइगर आदमियों पर हमला नहीं करता। कर्नल जिम कार्बेट के नाम पर यह पार्क हमें जंगली जानवरों के रहन सहन के बारे में काफी कुछ बता पाता है।यहॉं गुजरने वाली रामगंगा नदी जानवरों की प्‍यास बुझाती है,कोशी नदी रिजर्व पार्क की सीमाओं को तर रखती है,जो आपात स्थिती में जानवरों को महफूज रखती है।

मंगलवार, 21 दिसंबर 2010

बेचारी राडिया से रार क्‍यों ।

पूरा पत्रकार जगत,कारपारेट जगत,पूरा राजनैतिक क्षितिज राडिया की दलाली में खुलासे से लाल-पीला हो रहा है।ऐसा लग रहा है,जैसे राडिया ने कोई नया कार्य किया हो।कभी भी राडिया के द्धारा किये कार्यों को जायज नहीं माना जा सकता,लेकिन इस इस प्रकार के दलाली के कार्य हमेशा किसी न किसी के द्धारा होते रहें हैं।स्‍वंय इस प्रकार के खुलासे इस समय हुये हैं कि प्रभु चावला ने मुकेश अंबानी के लिये दलाली की।यानि कि क्‍या ये दलाली या ‘लाबिंग’केवल पत्रकारों या नेताओं द्धारा की जाती तो क्‍या इन खुलासों पर इतना हंगामा होता।प्रभु चावला लम्‍बे समय से ऐसा करते रहे होंगें।कारपारेट जगत को नाजायज फायदा पहुंचाने के लिये जो लाबिंग की जाती है,आखिर उसकी फिलासफी क्‍या है।
हमारा पूरा सरकारी तंत्र वास्‍तव में एक क्‍लोज सिस्‍टम की तरह है,जहॉं सात तालों में रहकर डिसीजन लिये जातें हैं।गोपनीयता के नाम पर जी भरकर अपनों के हित साधे व संभाले जाते हैं।सिद्धांतगत डिसीजन मैकिंग निश्चित तथ्‍यों पर आधरित प्रक्रिया होती है।इसमें मॉरल वैल्‍यू का सम्मिश्रण इस लैविल पर किया जाता है कि डिसीजन अधिक से अधिक लोंगों को लाभप्रद हो सके।इसमें अपनी मर्जी की गुजांइस नहीं होती है।यदि इस प्रकार डिसीजन लिये जाते-तो कभी भी गोपनीयता की इस हद तक जरूरत न पडती कि डिसीजन को प्रभावित करने के लिये ‘लाबिंग’ जैसी दलाली प्रक्रिया की आवश्‍यकता पडती।अब जबकि निर्णय पूरी तरह मनमाने तरीके से लिये जांयेगें तो वे निश्चित रूप से किसी को बेजां फायदा पहुंचायेंगें ही।हमारा तंत्र तथ्‍यों को छिपाने की वकालत करता है,और मॉरल वैल्‍यू पर बात करना हमने बहुत पीछे छोड दिया है।ऐसी दशा सोच सकते हैं कि राडिया या बरखा दत्‍त की जरूरत तो पडेगी ही।तो राडिया से रार क्‍यों।
राडिया तो बधाई की पात्र इसलिये हैं कि उन्‍होंने स्‍त्री-जात के दुर्गुणों का प्रयोग नहीं किया।अपनी तीन सौ करोड की धन-दौलत इकटठी करने के लिये शायद शरीर की नैतिकता तो बरकरार रखी होगी ही।हालांकि आजकल इसके कोई मायने नहीं है।लेकिन आगे बढने के लिये शरीर का उपयोग तो खतरनाक है ही।
दूसरी बात जो राडिया कारनामें के दर्शन में है वो अनसुनी नहीं है।वामपंथी इसे अपना राग बताते हैं,जबकि वे इससे अपना सरोकार केवल सत्‍ता की भागीदारी के लिये ही करते हैं।पूंजी के उदारीकरण का प्रवाह केवल कुछ हाथों के कब्‍जे में ही क्‍यों रहे,पूंजी लैंगिक विभेद की सीमाओं के पार है।पूरा देश जब सर्विस सेक्‍टर की ग्रौथ पर फूला नहीं समा रहा हो तो दलाली से पर्दा कैसे कर सकते है,आखिर सर्विस सेक्‍टर को दलाली से ज्‍यादा क्‍या कहेंगें।किसी उधोगपति का समय किसी मंत्रालय के वैटिंग रूम में बिताना ज्‍यादा शर्मनाक है,अपेक्षाक्रत किसी दलाल को पैसे देकर फाइल पास कर ली जाय।और ये काम हमेशा से होता आया है।मंत्री जी का पी0ए0 या अधिकारी का स्‍टेनो इस काम को आसानी से कर सकते हैं,और हमेशा से करते रहें हैं। ये अलग बात है कि अब ये काम इस्‍टीटयूट के रूप में संचालित होने लगें हैं।इसे अब हम लाबिंग का नाम से बुला रहें हैं।इस प्रकार कभी पूंजी लाबिंग के सहारे मंत्रिपद का निर्धारण करेगी तो कभी कारपोरेट जगत को सब्‍सिडी दिलवायेगी।और इसकी एक हकीकत यह भी है कि उच्‍च शिखर पर ट्राजेक्‍शन किसी तथाकथित उंचे आदमी से ही सम्‍पन्‍न किये जायेंगे।कोई आम आदमी न तो ऐसे ट्राजेक्‍शन का माध्‍यम बनेगा और न हीं उससे लाभान्वित होगा।हम और आप कभी इलाज नहीं ढूंढते,बल्कि बंदर की तरह उछल कूद मचाकर शांत हो जाते हैं,ताकि भविष्‍य के लिये हम अपनी पेरोकारी दिखा सकें।नहीं तो इतिहास हमें भी दोषी करार देगा।इसलिये हम शराफत का ढोंग करते हैं।संसद में सवाल पूंछने के लिये रिश्‍वत का मामला हो या सांसदों की खरीद के लिये नोट उछालने का मामला,इस सबसे भी शर्मनाक कुछ और हो सकता है।सही बात यह है कि हमारी व्‍यवस्‍था में जो नासूर बन गया है,उससे समय-समय पर ये मवाद रूपी घोटाले रिस-रिस कर दिखाई देते हैं।हम इस नासूर की संडाध को अपनी नाक पर रूमाल रखकर साफ बने रहने की कोशिश करते हैं।
जिस देश का शासक शासितों से दूरी मैंटेन करना अपना बडप्‍पन समझता हो,अपना धर्म समझता हो,वहॉ बहुत आसानी से समझा जा सकता है कि इस देश का लोकतंत्र सिर्फ ढोंग है।क्‍या कभी कोई आम आदमी आसानी से देश के मंत्री या शासन में बैठे अधिकारी से मिलकर अपना दुख-दर्द बता सकता है।शायद नहीं,इसके लिये उसे छुटभैया नेता या दलाल का सहयोग लेना ही पडेगा।इसके ऐवज में खर्चा-पानी रिश्‍वत नहीं है,यह आधुनिक शब्‍दों में सर्विस है।तो भैया मेरे राडिया बहना से रार क्‍यों ठान रखी है,क्‍यों हर एक उसके पीछे पड गया है।यहॉ राडिया नहीं तो कोई बरखा होगी,या प्रभु चावला के रूप में देशी,लेकिन अग्रेंजियत धंधें को अपनाने वाला पत्रकार।जरूरत इस बात की है कि हम दिलो दिमाग से खुले होने की समतावादी सोच में जीने की आदत डालें,तभी हम सबके लिये अच्‍छा होगा।

बुधवार, 24 नवंबर 2010

पंचायत चुनाव या लोकतांत्रिक घोटाला

उत्‍तर प्रदेश के संदर्भ में पंचायती राज की जो धज्जियॉं उडायी जा रही हैं,वे शायद ही कहीं हो रहा हो।पंचायती राज का सपना यहॉं कभी साकार नहीं हो सकता।त्रिस्‍तरीय पंचायतों का क्‍या हाल हो रहा है,क्‍या हम सब नहीं जानते़।ऐसा सच है कि यदि इन्‍हीं स्‍तम्‍भों पर भारतीय लोकतंत्र के राष्‍ट्रीय स्‍वरूप का किला तैयार होगा तो वह कभी भी भरभरा कर गिर जायेगा।और हम सब बैठकर मातमपुर्सी करेंगें।क्‍यों, मेरे इन बयानों को निगेटिव एप्रोच कहकर खारिज किया जा सकता है।जरा नजर डालिये,हाल ही में सम्‍पन्‍न हुये गॉंवों में चुनावों पर।ग्राम पंचायत सदस्‍यों के चुनाव में गॉंव के लोगों ने कोई खास भागीदारी नहीं की।इसलिये अधिकांश जिलों में दो तिहाई पंचायतें गठित नहीं हो पायीं।इतनी अधिक तादाद में ग्राम पंचायत सदस्‍यों की सीटों का खाली रहने का मतलब साफ है कि पंचायती राज में इनकी कोई भूमिका नहीं रह गयी है।जिन गॉव में जितने सदस्‍य चुने गये हैं,उनका आवेदन निर्वाचित होने वाले प्रधानों ने किया था,उनका आवेदन का खर्च इन्‍होने ही वहन किया।यही कारण है कि सरकार को ग्राम सदस्‍यों के निर्वाचन के लिये नये सिरे से प्रयास करना पडा।इतने के बाबजूद फिर भी इनकी सीटें खाली रह गयीं है।यदि उपप्रधान का पद रहता या नरेगा में इनकी कोई भूमिका रहती तो उपरी कमाई की हिस्‍सेदारी के लिये इनका चुनाव भी महतवपूर्ण होता।अब ग्राम प्रधान के चुनाव की तस्‍वीर देखिये।किसी भी प्रधान पद के लिये अधिकतम खर्च की सीमा तीस हजार रूपये थी।लेकिन इसका उल्‍लंघन हर गॉव में हुआ।कहीं कोई मशीनरी ऐसी नहीं थी,जो इस खर्च पर नियंत्रण रखती।मुझे रह-रहकर पूर्व चुनाव आयुक्‍त टी,एन,शेषन याद आ रहे थे।लागों ने प्रतिद्धंद्धियों को चुनावों में बैठाने व हराने के लिये रूपये व बाहुबल का जबरदस्‍त खेल खेला।गॉवों में शराब के नाले बह रहे थे।नकली शराब व नकली मिठाई का मतदाताओं को रिझाने के लिये खुलकर उपयोग हो रहा था।मतदान से एक दिन पहले रूपये से तकरीबन हर गॉव में वोट खरीदे गये।वोटर ने अपने वोट की कीमत चुप रहकर बाजार भाव की तरह वसूली।बडे गॉंवों में एक-एक उम्‍मीदवार ने पॉंच से दस लाख रूपये तक खर्च किये।अपने समर्थकों को ग्राम सदस्‍य बनाने का व्‍यय भी इन्‍हीं के द्धारा किया गया।ऐसा करना भी प्रधानों को फायदे का सौदा ही नजर आया।प्रधान पद के उम्‍मीदवारों का मानना है कि मिड-डे-मील की राशि व नरेगा की कमाई से इस खर्च की भरपायी बहुत जल्‍दी की जा सकती है।अब तो उनहें अतिशीघ्र हर गॉव में एक कम्‍प्‍यूटर व आपरेटर सहित एक कार्यालय भी मिलने की भी आशा है।राशन कोटे की कमाई का अनुमान लगाना आसान है।इसमें हिस्‍सेदारी नीचे से लेकर उपर तक हर स्‍तर तक जाती है।एक महीने का तेल व राशन तो बंटता है,लेकिन अगले महीने का पूरा कोटा ब्‍लैक कर खुले बाजार में बेच दिया जाता है।अब क्षेत्र पंचायत सदस्‍य या बी,डी,सी, के चुनावी समर का हाल जानिये।वैसे यह पद कोई खास महत्‍व नहीं रखता,लेकिन ब्‍लाक प्रमुख के निर्वाचन में यह अहमियत रखता है। ब्‍लाक प्रमुख पद जीतने वाले उम्‍मीदवारों ने कई-कई जगह से नामांकन दर्ज किये,ताकि अपने पक्ष में अन्‍य प्रतिद्धंद्धियों को बैठने के लिये रेट का मौल-तौल किया जा सके।साधारण तौर पर एक बी,डी,सी,मेम्‍बर की कीमत लगभग एक से डेढ लाख रूपये लग रही है। मेरे अनुभव में कई बार से ब्‍लाक प्रमुख या जिला पंचायत अध्‍यक्ष का पद जीतने के लिये इन सदस्‍यों को खरीदा जाता है,बन्‍धक बनाया जाता है।उन्‍हें अपने पक्ष में वोट देने के लिये बढिया होटलों में बन्‍धक बनाया जाता है,वहॉ उन्‍हें हर तरह से ऐश करने के साधन दिये जाते हैं।यह हमेशा से होता आया है।लेकिन किसी की हिम्‍मत नहीं कि इन्‍हें रोक पाये।जिला पंचायत सदस्‍यों की भी अहमियत सिर्फ इतनी ही है कि वे रूपये लेकर अघ्‍यक्ष के निर्वाचन में वोटिंग करें।इस समय एक जिला पंचायत सदस्‍य की कीमत दस से बीस लाख रूपये के बीच चल रही है। पैसे देकर निर्वाचित होते ही जिला पंचायत अधक्ष अपने मेम्‍बरर्स को दूध में से मक्‍खी की तरह निकाल फेंकता है।ब्‍लाक प्रमुख या जिला पंचायत अध्‍यक्ष अपने क्षेत्र में विकास हेतु आने वाले क्रमश: पॉच से दस करोड रूपये में से दस फीसदी हिस्‍सा ईमान का लेते हैं।इन पदों का संवैधानिक रूतबा इन्‍हें सूद के रूप में मिलता है,जो बहुत अधिक है।वास्‍तव मे यू,पी, में चुनाव में सफल होने के ये फंडे हर बार अपनाये जाते हैं। एम,एल,सी, स्‍थानीय निकाय के चुनाव में भी इसी तरह प्रधान व बी,डी,सी, मेम्‍बर की कीमत क्रमश: पचास हजार से एक लाख रूपये तक लगती है।हम अपना मुंह खोलकर,आंखे बंद कर यह सब देखने के लिये मजबूर होते हैं।हम उम्‍मीदकरते हैं कि कोई तो हो जो इस बीमार होते जा रहे लोकतंत्र का इलाज करने के लिये तैयार हो।मीडिया को तो गाली देने का मन करता है,उसका काम चापलूसी करना रह गया है।मीडिया का पूरा जोर इस बात पर रहता है कि कौन पार्टी कितने पद जीतने में सफल रही।चुनाव में जो तरीके इस्‍तेमाल हुये वो कितने जायज थे,इस बात पर कोई मंथन नहीं होता है।न्‍यायपालिका कहती है,कि कोई हमसे शिकायत करे,वो भी ऐवीडेंस के साथ तारीखों पर कोर्ट में ऐडियां रगडे।तब हो सकेगा तो कार्यवाही के नैतिक आदेश देंगें।अब इस पूरे कार्यों को चुनाव कहा जाना सही है,या संवैधानिक घोटाला।यह भारत की रीढ कहे जाने वाले गॉवों में पंचायती राज का असली सच है।सबसे जड में लोकतंत्र का यह हाल है,तो राष्‍ट्रीय राजनीति का क्‍या स्‍वरूप होगा,हम समझ सकते हैं।इसमें विकास की बात तो पीछे छूट जानी अनिवार्य है।

शुक्रवार, 17 सितंबर 2010

बडा जुल्‍मी कानून है,विशेष सशस्‍त्र बल कानून

हम पूरे विश्‍व में लोकतंत्र के सबसे बडे लम्‍बरदार होने का दावा करते हैं।जहॉं कहीं नागरिक अधिकारों की बात आती है,हम अपनी सबसे बडी संवैधानिक पोथी को लेकर सहयोग का विश्‍वास दिलाते हैं।हमारी संस्‍क्रति हमें जियो और जीने दो का पाठ पढाती है।तो क्‍यों आज तक इस जुल्‍मी सशस्‍त्र बल कानून में संशोधन को गठित उच्‍चस्‍तरीय समिति की सिफारिशों को ठंडे बस्‍ते में डाल दिया गया था।जो 2005 में अपनी रिर्पोट दे चुकी है। यह समिति सुप्रीम कोर्ट के सेवानिव्रत न्‍यायाधीश की अध्‍यक्षता में ग‍ठित की गयी थी।
विशेष सशस्‍त्र बल कानून देश के जम्‍मू कश्‍मीर के अलावा पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में लागू है।इस कानून की धारा 4 में यह व्‍यवस्‍था है कि कोई गैरकमीशनड अफसर भी किसी व्‍यक्ति को बिना कारण बताये गिरफतार करने का आदेश दे सकता है,बिना वारंट किसी की तलाशी ले सकता है,एवं गोली चलाने का आदेश दे सकता है।जबकि पूरे देश में संविधान का मौलिक अधिकारों सम्‍बधी अनुच्‍छेद 21 नागरिक को जीवन जीने व दैहिक स्‍वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है। यानि आप कानून की किसी युक्तिसंगत प्रक्रिया व कारण बताये
बिना इन अधिकारों को नहीं छीन सकते।यह अधिकार केवल भारतीयों को ही नहीं है,बल्कि हमारा संविधान गैर भारतीयों को भी यह हक प्रदान करता है। लेकिन कश्‍मीर,मणिपुर राज्‍यों में लोगों को अनुच्‍छेद 21 का का कोई कानूनी हक नहीं है।अब समझना आसान है कि उक्‍त राज्‍यों के नागरिकों की औकात विदेशियों के बराबर भी नहीं है।
अब इस जुल्‍मी कानून की धारा 5 का मसला लीजिये,इसमें यह प्रावधान है कि अशांत क्षेत्र में अरेस्‍ट किसी व्‍यक्ति को किसी पुलिस थाने के किसी भारसाधक अधिकारी के समक्ष यथाशीघ्र पेश करना होता है।अब यथाशीघ्रता को परिभाषित करने का कोई पैमाना नहीं है।जबकि हमारे कानून में यह प्रावधान है कि किसी भी अरेस्‍ट व्‍यक्ति को 24 घंटे के अन्‍दर केवल मजिस्‍ट्रेट के समक्ष पेश किया जायेगा। हम सबको याद करना होगा जब मणिपुर में एक युवा लडकी मनोरमा देवी को इस कानून के तहत अरेस्‍ट कर लिया गया था।अगले दिन इस लडकी की लाश जंगल से प्राप्‍त हुयी थी।पूरे मणिपुर में इसका तीखा विरोध हुआ।महिलाओं ने नग्‍न होकर सडकों पर विरोध किया।विरोधस्‍वरूप एक युवक ने आत्‍मदाह कर लिया।लेकिन हमने अपनी आदत के मुताबिक इसे हल्‍के में लिया,इसकी गंभीरता को समझने की कोशिश नहीं की। मणिपुर मे सन 2000 से इस विशेष सैन्‍य कानून के विरोध में चानू शर्मिला लगातार अनशन पर बैठी हैं।लेकिन उनकी सुध किसी ने नहीं ली।
विशेष सशस्‍त्र कानून की धारा 6 के प्रावधान मे यह उल्‍लेख है कि किसी सैनिक द्धारा अपराध करने पर उसके विरूद्ध कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की जा सकती है। आरोपी सैनिक पर मुकद्धमा चलाने के लिये पहले केन्‍द्र सरकार से अनुमति ली जानी जरूरी है।इस तरह नागरिकों को कोई न्‍या‍यायिक सहायता नहीं मिल पाती।जबिक हमारे मौलिक अधिकारों के खिलाफ किसी भी कदम के विरूद्ध हम सुप्रीम कोर्ट में अनु,32 व उच्‍च न्‍यायालय में अनु,226 के अंर्तगत तत्‍काल हैल्‍प ले सकते हैं। इससे उत्‍पन्‍न आक्रोश का अंदाजा आप इससे लगा सकते हैं कि भ्रष्‍टाचार के मामले में सरकारी अफसरों पर मुकद्धमा चलाने के लिये सरकार की अनुमति ली जाने की कानूनी जरूरत हमारे सबके अंदर बौखलाहट व कुंठा पैदा कर देती है।भ्रष्‍टाचार के विरूद्ध यह कानूनी अडचन हमें कमजोर साबित कर देती है।
सही मायने में इस जुल्‍मी कानून में संशोधन की सिफारिशों को हमें बहुत पहले स्‍वंय मान लेना चाहिये था।आज जब बात काफी बिगड गयी है,घाटी के कई नेता इसकी आड में स्‍थानीय जनता को बरगलाने की साजिश में व्‍यस्‍त हैं।इसी प्रकार की साजिशों व ज्‍यादतियों को लेकर लागों को पत्‍‍थरबाज बनाने की चाल चली गयी है।इस आड में सेना व पुलिस की जायज कार्यवाहियों को भी अत्‍याचार कहा जा रहा है।अब घाटी व पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में लोगों के विश्‍वास को जीतना होगा,उनकी आस्‍था को देश के कानून के साथ जोडना पडेगा अन्‍य‍था विदेशी ताकतें हमें तोडने की साजिशें करती रहेंगीं।और हम उनकी मांगों के सामने मजबूर हो जायेंगें।
** इस ब्‍लाग में तथ्‍यों का उपयोग विधि विशेषज्ञ डा,हरबंस दीक्षित जी की अनुमति से उनके लेख से लिये गये हैं।**